शादी-ब्याह को लेकर खरीदारी बढ़ने से मंगलवार को घरेलू सराफा बाजार में सोने की कीमतों में इस साल की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी आई। सोने के दाम 840 रुपये की जोरदार उछाल के साथ 27,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। करीब एक माह से अधिक के अंतराल के बाद सोने ने 27 हजार का स्तर छुआ है। औद्योगिक मांग में जोरदार तेजी से चांदी भी 2,700 रुपये की अच्छी खासी बढ़त लेकर 37,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
सराफा बाजार के कारोबारियों का कहना है कि शादी-ब्याह की मांग से ज्वेलर्स और रिटेलर्स ने खरीदारी बढ़ा दी। इसके अलावा विदेशी बाजारों में भी सोने में तेजी लौटी है। इसके चलते घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली।
रिजर्व बैंक द्वारा सोने के आयात पर 80:20 योजना समाप्त किए जाने के बाद पिछले छह कारोबारी सत्रों में सोना 730 रुपये टूट गया था। लेकिन मंगलवार को तगड़ी मांग के चलते जोरदार वापसी करते हुए सोना 840 रुपये उछलकर 27,000 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले गत 30 अक्तूबर को सोना इस स्तर पर दर्ज किया गया था।
न्यूयार्क में सोने के भाव 3.69 फीसदी उछल कर 1,218.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। यह गत 19 सितंबर के बाद का सबसे बड़ा उछाल है। चांदी भी 7.3 फीसदी उछलकर 16.69 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। सितंबर 2013 के बाद यह विदेशी बाजारों में चांदी में सबसे बड़ी तेजी है।
सिक्कों के भाव में भी आई तेजी
घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों तेजी का असर सिक्कों के भाव पर भी देखा गया। खरीदारी बढ़ने से सोने की आठग्रामी गिन्नी 100 रुपये मजबूत होकर 23,700 रुपये प्रति के भाव पर बिकी। चांदी के सिक्कों में 3,000 रुपये की जोरदार बढ़ोतरी आई। चांदी सिक्का लिवाली भाव 61,000 और बिकवाली भाव 62,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर पहुंच गए।