देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने चालू वित्तवर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 4,633.33 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया है।
यह पिछले वित्तवर्ष की समान अवधि में अर्जित 3,434.37 करोड़ रुपये के लाभ से 35 फीसदी अधिक है। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी का कुल राजस्व 34.29 फीसदी बढ़कर 20,977.24 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तवर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 15,620.75 करोड़ रुपये था।
पढ़े-1 लाख करोड़ रुपए कमाने वाली देश की पहली कंपनी
डॉलर में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 16.4 फीसदी बढ़कर 74.8 करोड़ डॉलर हो गया जबकि राजस्व 17 फीसदी उछलकर 3.34 अरब डॉलर दर्ज किया गया। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, बीमा और मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र से कंपनी ने अच्छा कारोबार किया है। यूरोप, उत्तरी अमेरिका और यूके जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों से अच्छी डिमांड रही।
एनआईआईटी टेक का लाभ 44.7 % बढ़ा
आईटी सेवाएं देने वाली एनआईआईटी टेक्नोलॉजीज का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 44.7 फीसदी बढ़कर 62.4 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 43.1 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 17.4 फीसदी बढ़कर 587.3 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 500.1 करोड़ रुपये था।
`
एचडीएफसी बैंक को 1,982 करोड़ रुपए का मुनाफा
निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का चालू वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा 27.1 फीसदी बढ़कर 1,982.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी ने पिछले साल जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,559.9 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
पढ़े-यहां नहीं मंदी का असर, 3 महीने में 2407 करोड़ का मुनाफा
वित्त वर्ष 2014 की जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक की ब्याज से शुद्ध आय 15.3 फीसदी बढ़कर 4,476.5 करोड़ रुपये हो गई है।
पिछले वित्तवर्ष की इसी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 3,731.7 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की कुल आमदनी बढ़कर 11,937.7 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले साल की जुलाई-सितंबर तिमाही में 10,146.7 करोड़ रुपये थी।
दूसरी तिमाही में बैंक का सकल एनपीए 2,941.7 करोड़ रुपये हो गया है।
वित्त वर्ष 2014 की पहली तिमाही में बैंक के सकल एनपीए 2,719 करोड़ रुपये था। वहीं शुद्ध एनपीए बिना बदलाव के 0.3 फीसदी पर स्थिर हैं।
दूसरी तिमाही में बैंक के नेट एनपीए 767 करोड़ रुपये हो गए हैं जबकि पहली तिमाही में नेट एनपीए 689 करोड़ रुपये थे। दूसरी तिमाही में बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन तिमाही आधार पर 4.6 फीसदी से घटकर 4.3 फीसदी हो गया है।