पैसा जमा करना, निकालना, पास बुक में एंट्री और चेक जमा करना। ये चारों काम ‘बेसिक बैंकिंग’ में प्रमुख माने जाते हैं। मगर बैंक शाखाओं में भीड़ के चलते इन कामों के लिए घंटों लग जाते हैं। अब बैंक यह सुविधा 24 घंटे और सातों दिन देने जा रहे हैं। शुरुआत पंजाब नेशनल बैंक से हो रही है। दिसबंर तक बैंक की 6 ब्रांचों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
एटीएम के भरपूर इस्तेमाल से बैंक शाखाओं के कैश विड्रॉल काउंटर पर भीड़ घटी है। इससे बैंक प्रबंधन उत्साहित है। इसे देखते हुए अब व्यवस्था की जा रही है कि ‘बेसिक बैंकिंग के कुछ और कार्यों को 24 घंटे उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक ने पहली की है।
बैंक के एजीएम लक्ष्मीकांत चानना ने बताया कि बैंक की 6 शाखाओं में इस यह सुविधा शुरू की जा रही है। शाखाओं में एक कियॉस्क (केबिन) बनाकर अभी ट्रायल के तौर पर सुबह 8 से रात 8 तक सुविधा दी जाएगी। ट्रायल सफल होने पर दिसंबर से इन्हें 24 घंटे के लिए चालू कर दिया जाएगा। पूरे समय कर्मचारी की ड्यूटी के अलावा खास एटीएम लगाई जाएंगी, जिनमें कैश निकालने के अलावा कैश जमा भी किया जा सकेगा। एटीएम से ही पासबुक प्रिंट हो जाएगी।
इसके अलावा चेक डिपॉजिट के लिए अलग से मशीन लगाई जाएगी जो चेक स्वीकार करने के बाद रसीद उपलब्ध कराएगी। इसके लिए अभी बिरहाना रोड, पांडुनगर, आजादनगर, के-ब्लॉक किदवई नगर आदि शाखाओं को चुना गया है। इनके ले-आउट चेंज करने और नक्शा बनाने का काम शुरू हो चुका है। इन कियॉस्क में एक हॉटलाइन भी उपलब्ध होगी, जिससे सीधे कस्टमर केयर में फोन मिलाया जा सकेगा। ग्राहक किसी भी वक्त अपनी समस्या का निदान यहां से कर सकेंगे।
एसबीआई में एटीएम से पासबुक अपडेट
अब पासबुक में एंट्री कराने के लिए वक्त बरबाद करने की जरूरत नहीं है। एसबीआई में ऐसे खास एटीएम लगाए गए हैं, जिनमें कार्ड लगाने के बाद अपनी पासबुक प्रिंट की जा सकती है। साथ ही किसी भी बैंक खाते में अपने खाते से फंड ट्रांसफर किया जा सकता है। कैंट और स्वरूपनगर शाखाओं में ये विशेष एटीएम लगाए गए हैं। कैंट शाखा प्रबंधक मयूर तुलानी ने बताया कि लोग इस सुविधा का जमकर लाभ ले रहे हैं।