देश में चीनी उत्पादन चालू विपणन वर्ष के पहले ढाई महीने में दो फीसदी बढ़कर 49 लाख टन पहुंच गया है। भारतीय चीनी मिल संगठन (इस्मा) का कहना है कि उत्तर प्रदेश में उत्पादन लक्ष्य से पीछे है। इस्मा ने यूपी में घोषित किए गए गन्ना मूल्य पर भी चिंता जताई है।
संगठन का कहना है कि राज्य समर्थित मूल्य (एसएपी) में 17 फीसदी की बढ़ोतरी से 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है, जिसका असर इस साल गन्ना बकाये के भुगतान पर पड़ेगा। इस्मा का कहना है कि उत्तर प्रदेश में पेराई कुछ देरी से शुरू हो गई है। चालू चीनी सत्र में 15 दिसंबर तक कुल चीनी उत्पादन पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 2 फीसदी बढ़कर 49 लाख टन हो गया है। पिछले साल यह आंकड़ा 48.1 लाख टन था।