स्पाइस जेट के शेयरों की कीमतें शुक्रवार को 9 फीसदी तक बढ़ गईं हैं। सस्ती विमानन सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी द्वारा सरकार के पास रिवाइवल प्लान जमा कराने की खबरों के बाद शेयरों में उछाल आया है।
स्पाइस जेट के शेयर 9.07 फीसदी बढ़ कर बीएसई पर 19.25 रुपये पर बंद हुए। दिन के कारोबार में कंपनी के शेयर 11 फीसदी बढ़ कर 19.60 रुपये पर पहुंच गए थे। पूरे कारोबारी सत्र में बीएसई पर स्पाइस जेट के 311.76 लाख शेयरों की खरीद-बिक्री हुई।
बृहस्पतिवार को अधिकारिक सूत्रों ने कहा था कि स्पाइस जेट संस्थापक प्रमोटर अजय सिंह और अमेरिका स्थित जेपी मोर्गन से 20 करोड़ डॉलर निवेश करने के प्रस्ताव के आधार पर सरकार के पास रिवाइवल प्लान जमा कराएगी।
सूत्रों के मुताबिक एयरलाइन पहले ही निवेशकों से 17 करोड़ रुपये हासिल कर चुकी है और कंपनी ने तेल कंपनियों के बकाए का भुगतान कर दिया है।