विप्रो के मुखिया अजीम प्रेमजी द्वारा अपनी आधी दौलत दान में दिए जाने के बाद शोभा ग्रुप के संस्थापक व प्रमुख पीएनसी मेनन ने भी अपनी आधी व्यक्तिगत संपत्ति दान में देने की इच्छा जताई है। दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के उद्योगपति मेनन की कुल संपत्ति की कीमत करीब 32.87 अरब रुपये (60 करोड़ अमेरिकी डॉलर) बताई जाती है।
मेनन ने कहा कि वह अपनी आधी व्यक्तिगत संपत्ति दान में देने की योजना बना रहे हैं। मेनन ने कहा कि एक बार जब आप ढेर सारा पैसा कमा लेते हैं, तो यह नहीं सोचना चाहिए कि आपकी सारी दौलत आपके परिवार के ही पास रहे। आपकी दौलत का एक बड़ा हिस्सा समाज के काम भी आना चाहिए। इसलिए मैंने फैसला किया है कि मेरी आधी संपत्ति समाज को दी जाए।
उन्होंने कहा कि मैं सौभाग्यशाली रहा कि इतनी दौलत कमा सका और अब इसका एक बड़ा हिस्सा समाज के नाम करना चाहता हूं। मेनन ने कहा कि एक समय ऐसा आता है कि और पैसा कमाना आपकी जिंदगी में कोई बदलाव नहीं लाता। मैं समझता हूं कि मेरे द्वारा आधी दौलत दिए जाने को दान (चैरिटी) न कहते हुए इसे समाज के प्रति मेरी जवाबदेही और मेरे दायित्व का निर्वहन माना जाना चाहिए।
गौरतलब है कि मेनन ने 1976 में ओमान में इंटीरियर डिजाइनिंग फर्म शुरू करके अपने दम पर एक लंबा-चौड़ा कारोबार खड़ा किया है। वर्तमान में वह दुबई में रह रहे हैं और शोभा डेवलपर्स के मानद चेयरमैन का पद उनके पास है। उन्होंने ओमान और भारत में कई शैक्षणिक संस्थाएं खोलने की इच्छा जताई है। उनकी कंपनी उससे पहले 2006 में भारत के दो गांवों में शोभा हेरिटेज और शोभा एकेडमी खोलकर करीब 2,500 परिवारों के बच्चों को शिक्षा देने का काम कर रही है।
बीते माह प्रकाशित एक रिपोर्ट में उन्हें खाड़ी देशों में भारतीय मूल के 21वें सबसे धनवान व्यक्ति का दर्जा दिया गया है। रीयल्टी कारोबार से जुड़ी मेनन की अगुवाई वाली कंपनी शोभा डेवलपर्स की स्थापना 1995 में हुई थी। भारत में इसका मुख्यालय बंगलूरू में है। वर्ष 2006 में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हुई इस कंपनी में फिलहाल करीब 28,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। मेनन ने बताया कि आगे चलकर भारत व खाड़ी देशों के अलावा अन्य देशों में भी कंपनी का कारोबार फैलाने की योजना है।