छह छोटी और मझोली कंपनियों (एसएमई) ने चालू वित्त वर्ष 2014-15 की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान आईपीओ के जरिए कुल 63 करोड़ रुपये जुटाए। जबकि, पिछले वित्त वर्ष 2013-14 की समान तिमाही में केवल तीन कंपनियां अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लेकर आईं और इससे कुल 25 करोड़ रुपये जुटाए थे।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक मासिक आधार पर देखा जाए तो चालू वित्त वर्ष में स्टॉक एक्सचेंजों पर मई और जून के महीने में तीन-तीन कंपनियों के आईपीओ आए।
एसएमई आईपीओ के जरिए मई में 39 करोड़ और जून में 24 करोड़ रुपये जुटाए गए। जिन एसएमई ने अप्रैल-जून 2014 के दौरान अपने इश्यू जारी किए उनमें बंसल रूफिंग प्रोडक्ट्स, ओसिस ट्रेडलिंक, तारिणी इंटरनेशनल, धानुका कमर्शियल, जीसीएम कैपिटल एडवाइजर्स और एसपीएस फिनक्वेस्ट शामिल हैं।
देश के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बांबे शेयर बाजार (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने मार्च 2012 में एसएमई प्लेटफार्म लांच किया था। देश में यह केवल दो एक्सचेंज हैं जो इस सेगमेंट में ट्रेडिंग प्लेटफार्म की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। अब तक इस प्लेटफार्म पर बीएसई में 63 और एनएसई में 5 कंपनियां ट्रेडिंग कर रही हैं।