विमानन कंपनी जेट एयरवेज आबूधाबी की विमानन कंपनी एतेहाद एयरवेज और स्पाइसजेट मलेशिया की एयरलाइन्स एयर एशिया तथा कतर एयरवेज को अपनी आंशिक हिस्सेदारी बेचने की तैयारी की खबर बाजार में आई जिससे दोनों विमामन कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई। स्पाइसजेट 13 फीसदी उछला जबकि जेट एयरवेज 11 फीसदी उछलकर बंद हुआ। हालांकि आधिकारिक तौर इन कंपनियों ने सौदे की पुष्टि नहीं की है। उधर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि नहीं की है।
घरेलू विमानन कंपनियां कड़ी प्रतिस्पर्द्धा और लगातार बढ़ते परिचालन खर्चों से बुरी तरह परेशान हैं। इसकी वजह से पिछले वित्त वर्ष में भारतीय विमानन उद्योग को कुल मिलाकर 2 अरब डालर का घाटा उठाना पड़ा था। मौजूदा हालात में यह कंपनियां हिस्सेदारी बेचकर पूंजी जुटाने की जुगत में हैं।