लगातार तीसरे दिन मजबूती का रुख बनाए रखते हुए घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी व पेट्रो शेयरों में तगड़ी लिवाली के चलते बीएसई का सेंसेक्स 50.54 अंक उछल कर 19,764.78 अंक पर व एनएसई का निफ्टी 16.25 अंक ऊपर 6,009.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स ने इससे पहले जनवरी 2011 में यह स्तर छुआ था, जबकि निफ्टी भी करीब दो साल बाद छह हजार अंक के ऊपर बंद हुआ है। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी तेजी का रुख रहा। मिडकैप 55.85 अंकों की तेजी के साथ 7,293.85 पर और स्मॉलकैप 69.58 अंकों की तेजी के साथ 7,589.41 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 16 को गिरावट झेलनी पड़ी। मुनाफा कमाने वाले शेयरों में डा. रेड्डीज लैब सबसे अधिक 2.35 फीसदी के साथ टॉप पर रहा। इसके अलावा भारती एयरटेल 1.99 फीसदी, ओएनजीसी 1.95, रिलायंस 1.51, इनफोसिस 1.24, टीसीएस 1.24, एसबीआई 0.93 और विप्रो 0.93 फीसदी बढ़त में रहे।
दूसरी ओर नुकसान उठाने वालों में टाटा पावर 1.39 फीसदी, सनफार्मा 1.09, मारुति सुजुकी 0.95, हीरो मोटोकॉर्प 0.87, एचडीएफसी बैंक 0.72 और आईटीसी 0.70 फीसदी गिरावट में रहे। बीएसई में शामिल वर्गों में तेल-गैस 1.37 फीसदी, टेक 1.32, आईटी 1.10 व रीयल्टी 1.09 फीसदी बढ़त में रहे। इसके विपरीत एफएमसीजी 0.50 फीसदी, सीडी 0.38 व सीजी 0.38 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुए।
आईटी व तेल-गैस शेयरों में लिवाली से शुरुआती तेजी के बाद बैंकिंग शेयरों में बिकवाल का दबाव देखने को मिला, जोकि बाद में मिडकैप और स्मॉल कैप शेयरों की ओर बढ़ चला। सामान्य तौर पर बाजार फिलहाल बढ़त का सिलसिला बनाए रख सकता है। निफ्टी में 6,090 अंक के स्तर पर प्रतिरोध देखने को मिल सकता है।
-अमर अंबानी, हेड ऑफ रिसर्च, आईआईएफएल