नए आर्डरों में कमी और रोजगार के अवसर सुस्त पड़ने से इस वर्ष जुलाई में देश के सेवा क्षेत्र की विकास दर में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, सेवा क्षेत्र में जुलाई में लगातार तीसरे महीने मजबूत रुझान देखा गया। एचएसबीसी के सर्वे में यह जानकारी सामने आई है।
एचएसबीसी पीएमआई इंडेक्स पर जुलाई में सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर जून के 17 महीने के उच्चतम स्तर 54.4 से घटकर जुलाई में 52.2 पर आ गई है। देश के सेवा क्षेत्र में वर्ष 2013 से सुस्ती का रुख बना हुआ था, लेकिन इस वर्ष मई से इसमें सुधार शुरू हुआ था और जून में यह 17 माह के टॉप स्तर पर पहुंचा था। एचएसबीसी पीएमआई में 50 से ऊपर तेजी का और इससे नीचे सुस्ती को प्रदर्शित करता है।
एचएसबीसी में एशियन इकोनामिक रिसर्च के सह प्रमुख फ्रेडरिक न्यूमैन ने कहा कि पिछले महीने सेवा क्षेत्र में जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद जुलाई में इसमें गिरावट देखी गई है। हालांकि, इस क्षेत्र में लगातार तीसरे महीने भी मजबूत रुझान देखा गया है। उन्होंने कहा कि जुलाई में लागत मूल्यों में बढ़ोतरी होने से कंपनियों को अपने उत्पाद महंगे हुए हैं। इसके मद्देनजर रिजर्व बैंक को महंगाई के जोखिम के प्रति सावधान रहने की जरूरत है।
पिछले सप्ताह एचएसबीसी मैन्यूफैक्चरिंग पीएमआई जुलाई में उछलकर 17 माह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह प्रमुख एचएसबीसी कम्पोजिट आउटपुट इंडेक्स जुलाई में 53.0 पर रहा, जो जून में 16 माह के उच्चतम स्तर 53.8 पर था।
इस बीच, ऑर्डरों की रफ्तार सुस्त पड़ने का असर रोजगार के परिदृश्य पर पड़ा। अप्रैल के बाद पहली बार जुलाई में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर कम हुए हैं। हालांकि, भारतीय सेवा क्षेत्र की कंपनियां भविष्य को लेकर आशावादी हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नए ऑर्डर मिलने, नई सरकार की नीतियों और नई मार्केटिंग रणनीति पेश करने से कारोबारी गतिविधियां मजबूत होंगी।
चीन के सेवा क्षेत्र की रफ्तार नौ साल के निचले स्तर पर
बीजिंग। चीन के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर जुलाई में नौ वर्ष के न्यूनतम स्तर 50 अंक पर आ गई है, लेकिन सरकार के नीतिगत सहयोग से अर्थव्यवस्था में मजबूती आने की उम्मीद है। एचएसबीसी पीएमआई इंडेक्स के अनुसार जून में चीन के सेवा क्षेत्र की वृद्धि 15 माह के उच्चतम स्तर 53.1 पर थी। सेवा क्षेत्र की विकास दर के वर्ष 2005 के बाद के न्यूनतम स्तर पर आने का असर विभिन्न शहरों के आवासीय एवं परिसंपत्ति क्षेत्र के कारोबार पर पड़ने की आशंका है। एचएसबीसी के मुख्य अर्थशास्त्री कू हांगबीन ने कहा कि चीन के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए नीतिगत सहयोग की जरूरत है। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के इसी तरह के एक सर्वेक्षण के मुताबिक जुलाई में यहां के गैर विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर जून के 55 से कम होकर 54.2 पर आ गई, जिससे संपदा कारोबार प्रभावित हुई है और नए आर्डर में भी कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।