पांच सत्रों में भारी गिरावट झेलने के बाद घरेलू शेयर बाजार ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर से दम दिखाया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 416.44 अंक के तगड़े उछाल के साथ एक बार फिर से 27 हजार अंक के पार जाकर 27,126.57 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में यह 31 अक्तूबर के बाद की सबसे बड़ी एक दिनी बढ़त है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 129.50 अंक की बढ़त के साथ 8,159.30 अंक पर रहा। वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी की खबर ने बाजार के माहौल पर काफी सकारात्मक असर दिखाया।
इससे देश में आर्थिक सुधारों की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद में बाजार में तगड़ी लिवाली का दौर चला।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 27 के शेयर बढ़त पर रहे। मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में भेल, हिंडाल्को, गेल इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, सिप्ला, एनटीपीसी, टाटा पावर, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाटा स्टील, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स, एसबीआई शामिल रहे।