ग्लोबल स्तर पर मिले-जुले संकेतों के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बढ़त पर रहे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 41.03 अंक की बढ़त के साथ 20,852.47 पर बंद हुआ।
यह इसका एक माह का सबसे ऊंचा स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 13.95 अंक चढ़कर 6,200.05 अंक पर रहा। सेंसेक्स में पिछले तीन दिनों में 315.83 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है।
आईटी, एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स, रीयल्टी, ऑटो और हेल्थकेयर समूह में लिवाली रही। सेंसेक्स में मुनाफा कमाने वाले शेयरों में विप्रो, बजाज ऑटो, भेल, सिप्ला, एयरटेल, हिंडाल्को शामिल रहे।
आईटी कंपनी इनफोसिस का शेयर 3,782 रुपये के ऑल टाइम हाई के करीब कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर गिरावट वाले शेयरों में कोल इंडिया, टाटा स्टील, टाटा, पावर, गेल इंडिया शामिल रहे। बिजली बनाने वाली सरकारी कंपनी एनटीपीसी के शेयर में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही।