बीते सत्र में बाजार के एक माह के ऊपरी स्तर पर पहुंचने के बाद चढ़े हुए भावों पर रीयल्टी, पेट्रोलियम, बैंकिंग और ऑटो वर्ग के शेयरों में मुनाफावसूली की मार से घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को तगड़ी गिरावट का शिकार हुए।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 113.57 अंक फिसलकर 19,463.82 अंक पर और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 41.30 अंक नीचे 5,857.55 अंक पर बंद हुआ।
एमसीएक्स एसएक्स के एसएक्स-40 सूचकांक में भी 54.34 अंक की गिरावट रही और यह 11,566.47 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का मिडकैप 22.47 अंक कमजोर होकर 6,050.06 अंक पर और स्मॉल कैप 5.49 अंक नीचे 5,747.95 अंक पर रहा।
बीएसई के विभिन्न वर्गों में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर वर्ग को छोड़कर अन्य सभी वर्गों में बिकवाली का दबाव बना रहा। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में जिंदल स्टील 4.21 फीसदी घाटे के साथ सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली कंपनी रही।
जून में कमजोर बिक्री के कारण हीरो मोटोकॉर्प के शेयर 2.26 फीसदी गिरे। इसके अलावा ही टाटा पावर, ओएनजीसी, इनफोसिस, मारुति, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया, एलएंडटी, एनटीपीसी, आरआईएल, एचडीएफसी, एसबीआई, टाटा मोटर्स, आईटीसी, बजाज ऑटो, महिंद्रा, डा. रेड्डीज के शेयर 0.23 से 1.87 फीसदी तक की गिरावट में रहे।
सरकारी कंपनी भेल 2.74 फीसदी की बढ़त के साथ सेंसेक्स में सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनी रही। इसके अलावा गेल इंडिया 2.66, भारती एयरटेल 2.51, स्टरलाइट 1.84, आईसीआईसीआई बैंक 0.89, टीसीएस 0.82, हिंडाल्को 0.79, टाटा स्टील 0.55, विप्रो 0.53, सनफार्मा 0.33, हिन्दुस्तान यूनि 0.05 और सिप्ला 0.04 फीसदी लाभ में रहीं।