बजट से मिले झटके से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों ने बृहस्पतिवार को बढ़त का रुख किया। निचले भावों पर ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी निवेशकों के लिए बजट में कुछ रियायतों के भरोसे पर बाजार में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 56.98 अंक की बढ़त लेकर 18,918.52 अंक के स्तर पर और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 26.65 अंक ऊपर 5,719.70 अंक पर बंद हुआ।
दोहरी कराधान संधि के तहत कर रियायत पाने में टैक्स रेजिडेंसी सार्टिफिकेट (टीआरसी) के आड़े आने संबंधी शंका का समाधान करते हुए निवेशकों से रेजीडेंसी सर्टिफिकेट की वैधता के बारे में सवाल न किए जाने के वित्त मंत्रालय के स्पष्टीकरण ने निवेशकों को उत्साहित कर बाजार का मूड सुधारा।
उपभोक्ता उत्पाद व पीएयू वर्ग के शेयरों लिवाली हुई, जबकि रीयल्टी, टेक, एफएमसीजी और पेट्रो वर्ग के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। सेंसक्स में शामिल 30 में से 14 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे, जबकि बाकी 16 ने मुनाफा कमाया। सबसे ज्यादा गिरावट भारती एयरटेल में 3.88 फीसदी की रही।
इसके अलावा जिंदल स्टील, बजाज ऑटो, एलएंडटी, सिप्ला, टाटा पावर, हिन्दुस्तायन यूनि, कोल इंडिया, विप्रो, ओएनजीसी, टाटा मोटर्स, एसबीआई और इनफोसिस 2.87 से लेकर 0.08 फीसदी तक के लाभ में रहीं। मारुति सबसे ज्यादा 4.98 फीसदी मुनाफे में रही। इसके अलावा रेड्डीज लैब, आईटीसी, हीरो बैंक, आरआईएल, हिंडाल्को, सन फार्मा, टाटा स्टील, भेल और गेल इंडिया के शेयर 1.44 प्रतिशत से लेकर 0.15 प्रतिशत तक नीचे रहे। बीएसई में कुल 2,970 कंपनियों के शेयरों में करोबार हुआ, जिसमें 1,336 लाभ में और 1,522 नुकसान में रहे, बाकी 112 में कोई बदलाव नहीं हुआ।