विदेशी बाजारों में तेजी के रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार तीन दिन की गिरावट के बाद बढ़त हासिल कर सका। मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 298.67 अंक की मजबूती के साथ 28,736.38 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 90.15 अंक की बढ़त के साथ 8,723.30 अंक पर बंद हुआ।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आंकड़े उत्साहजनक न रहने से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका कमजोर पड़ने से बाजार की धारणा सकारात्मक हुई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार मे फार्मा, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रिफाइनरी, मेटल और बैंकिंग वर्गों में बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 23 शेयर बढ़त में रहे। लाभ कमाने वाले शेयरों में हिंडाल्को, सेसा स्टरलाइट, डा. रेड्डीज, एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, भेल, सिप्ला और एलएंडटी शामिल रहे।