पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी की खबर से कई सेक्टरों में हुई बिकवाली ने घरेलू शेयर बाजार को रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे धकेल दिया।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 68.26 अंक गिरकर 27,940.64 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 25.45 अंक नीचे 8,357.85 अंक पर रहा।
महंगाई दर में नरमी और औद्योगिक उत्पादन में बढ़ोतरी के आंकड़ों के चलते बीएसई में कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, पर पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी की घोषणा से बीच सत्र में बिकवाली का दौर शुरू हो गया।
सरकारी तेल कंपनियों के शेयरों पर इसकी तगड़ी मार पड़ी, जिससे बीपीसीएल, एचपीसीएल, इंडियन ऑयल और ओएनजीसी के शेयरों में गिरावट आई।
निजी क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी रिलायंस का शेयर भी गिरावट में रहा। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में एसएसटीएल, टाटा पावर, ओएनजीसी, गेल, एक्सिस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक शामिल रहे। बढ़त वाले शेयरों में इनफोसिस, डा. रेड्डीज और सिप्ला शामिल रहे।