चीन द्वारा भारत में करीब 1,218 अरब रुपये (20 अरब डॉलर) का निवेश करने के लिए हुए समझौतों से उत्साहित घरेलू शेयर बाजार ने चार माह की सबसे ऊंची छलांग लगाई। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की तगड़ी लिवाली से बाजार में काफी सकारात्मक माहौल रहा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 480.92 अंक उछल कर 27,112.21 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में यह 12 मई के बाद का सबसे बड़ी एक दिनी बढ़त रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 139.25 अंक उछल कर 8,100 के स्तर के पार 8,114.75 अंक पर बंद हुआ।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की चेयरपर्सन जेनेट येलेन द्वारा मौद्रिक नीति निर्धारण संबंधी बैठक ब्याज दरें जीरो फीसदी के करीब रखने के आश्वासन ने ग्लोबल स्तर पर बाजारों की धारणा को मजबूत किया। दूसरी ओर चीन के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दूसरे दिन हुए निवेश के पांच बड़े समझौतों ने चीन के साथ भारत के व्यापार घाटे के संतुलित होने की उम्मीद बाजार को दी। साथ ही निवेश का माहौल सुधरने की आस ने एफआईआई को तगड़ी खरीद के लिए उत्साहित किया।
बीएसई में सबसे ज्यादा तेजी रीयल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑटो, पावर और बैंकिंग वर्गों में रही। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में सबसे ज्यादा मुनाफा हीरो मोटोकॉर्प, एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, भ्ज्ञेल और बजाज ऑटो ने कमाया।