फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो साल बाद दी 20 हजारी दस्तक

Tue, 15 Jan 2013 07:53 PM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद, गार टलने से विदेशी निवेश बढ़ने की आस और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों ने घरेलू शेयर बाजार को मजबूती की ओर बढ़ाया। तगड़ी लिवाली के दम पर बीएसई का सेंसेक्स कारोबार के दौरान करीब दो साल बाद 20 हजार के जादुई स्तर को छूकर लौट आया और आखिर में 80.41 अंक उछल कर 19,986.82 अंक पर बंद हुआ।
विज्ञापन


इससे पहले सेंसेक्स ने 6 जनवरी 2011 को 20 हजार का आंकड़ा पार किया था। एनएसई का निफ्टी 32.55 अंक ऊपर 6,056.60 अंक पर बंद हुआ। बाजार को बढ़त देने में आईटीसी, एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स व ओएनजीसी जैसे ब्लूचिप शेयरों की तेजी ने अहम भूमिका निभाई। हालांकि मझोली कंपनियों में लिवाली सुस्त रही, जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली का दबाव रहा।

सेंसेक्स 93 अंकों की बढ़त के साथ 19999.82 अंक पर खुला। पहले सत्र में लिवाली का जोर रहा लेकिन इसके बाद बिकवाली शुरू हो गयी जिससे यह 19881.78 अंक तक लुढ़ गया। बाद के सत्र में लिवाली के एक बार फिर जोर पकड़ने पर सेंसेक्स करीब दो साल बाद 20 हजार अंक के स्तर को पार करते हुए 20036.82 अंक के ऊपरी स्तर तक जा चढ़ा।
विज्ञापन


हालांकि इस बढ़त को बनाए न रखपाने के चलते आखिर में यह पिछले सत्र के 19,906.41 अंक की तुलना में 80.41 अंक बढ़कर 20 हजार के करीब 19,986.82 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का मिडकैप 19.38 अंक बढ़कर 7262.44 अंक पर रहा। स्मॉलकैप 4.82 अंक गिरकर 7,504.83 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 3031 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,126 बढ़त में और 1,154 गिरावट में रहे, जबकि 751 में कोई बदलाव नहीं हुआ।

सेंसेक्स में बढ़त में रहने वाले शेयरों में एयरटेल 4.81 फीसदी, आईटीसी 1.98, आईसीआईसीआई बैंक 1.53, टाटा पावर 1.51, बजाज ऑटो 1.07, टाटा मोटर्स 0.84, एनटीपीसी 0.84, ओएनजीसी 0.72, हिंडाल्को 0.62, गेल इंडिया 0.57, सिप्ला 0.54 और विप्रो 0.54 प्रतिशत शामिल रहे। बेहतर तिमाही परिणाम देने वाली टीसीएस उतार-चढ़ाव के बाद पिछली बंदी के स्तर पर टिकी रही।

गिरावट में रहने वाले शेयरों में कोल इंडिया 1.54 प्रतिशत, स्टरलाइट 1.31, जिंदल स्टील 0.74, सनफार्मा 0.66, इनफोसिस 0.62, महिंद्रा 0.61, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 0.43, स्टेट बैंक 0.37, एचडीएफसी 0.20 फीसदी के साथ शामिल रहे।  बीएसई में बढ़त में हासिल करने वाले समूहों में रीयल्टी 1.05 फीसदी, बैंकिंग 0.72, एफएमसीजी 0.59, टेक 0.58, सीडी 0.45, तेल एवं गैस 0.43, ऑटो 0.30, पीएसयू 0.123, पावर 0.11, हेल्थकेयर 0.08 प्रतिशत और सीजी 0.06 प्रतिशत शामिल रहे।

गिरावट वाले वर्गों में मेटल 0.30 और आईटी 0.23 फीसदी के साथ शामिल रहे। विदेशी बाजारों में जापान का निक्की 0.72 फीसदी, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.60  और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.02 प्रतिशत की बढ़त में रहा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.14 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.16 फीसदी गिरावट में रहा।


गार के टलने से लगातार दूसरे दिन आज बाजार में तेजी रही। हमारा मानना है कि एक्सिस बैंक के बेहतर परिणाम से बाजार को बल मिला है। रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कुछ कटौती की उम्मीद से भी बाजार का माहौल सकारात्मक हुआ।
मोतीलाल ओसवाल, सीएमडी, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंसियल सर्विसेज लिमिटेड

बाजार के लिए आज दूसरा महत्वपूर्ण दिन था जब कारोबार के दौरान सेंसेक्स 20 हजार का आंकड़ा पार किया। हमारा मानना है कि टीसीएस और एक्सिस बैंक के बेहतर परिणाम से बाजार को बल मिला है। थोक मूल्य सूचकांक के उतरकर 7.18 फीसदी पर आने से बाजार को उम्मीद है कि रिजर्व बैंक ब्याज दरों में कुछ कमी करे। गार के टलने का भी बाजार के सेंटिमेंट पर असर पड़ा है।
विज्ञापन

दीपेन शाह, हेड पीसीजी रिसर्च, कोटक सिक्योरिटीज


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें