ग्लोबल बाजारों में ठहराव और स्थानीय स्तर पर दिसंबर के वैकल्पिक सौदों के निबटान तथा क्रिसमस के मौके पर मंगलवार को अवकाश के चलते बिकवाली के दबाव में घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त पर बंद हुए। ओएनजीसी, आईटीसी और रिलायंस जैसे दिग्गज शेयरों पर बिकवाली की मार के चलते बीएसई का सेंसेक्स 13.09 अंक की बढ़त के साथ 19,255.09 और एनएसई का निफ्टी 8.05 अंक ऊपर 5,855.75 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में लाभ कमाने वालों में टाटा मोटर्स, विप्रो, सनफार्मा, इनफोसिस, टाटा पावर, बजाज ऑटो, गेल इंडिया, हिन्दुस्तान यूनि, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, टीसीएस और कोल इंडिया 2.44 से लेकर 0.38 फीसदी के मुनाफे में रहे। नुकसान उठाने वाले शेयरों में जिंदल स्टील, ओएनजीसी, मारुति, स्टरलाइट, आरआईएल, हीरो मोटोकार्प, आईटीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिन्द्रा और रेड्डीज लैब 1.93 प्रतिशत से लेकर 0.03 प्रतिशत के घाटे में रही।
बीएसई समूह में और ऑटो वर्ग मजबूती पर रहा, जबकि धातु, तेल एवं गैस, कंज्यूमर डूरेबल्स, कैपिटल गुड्स और बैंकिंग वर्ग गिरावट पर रहे। बीएसई में कुल 3,035 कंपनियों के शेयरों में कारेबार हुआ। इसमें 1,448 लाभ में और 1,731 नुकसान में रहे बाकी 156 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
मजबूती पर खुला सेंसेक्स बीच कारोबार में 19, 347.64 अंक के ऊपरी और 19,237.26 अंक के निचले दायरे में रहा। निफ्टी ने भी बढ़त के साथ शुरुआत की और बीच सत्र में 5,871.09 अंक के ऊंचे और 5,844.70 अंक के निचले दायरे में रहने के बाद 5,855.75 पर बंद हुआ। अमेरिका में बजट संकट के समाधान को लेकर जारी अनिश्चितता से विदेशी बाजारों में ठहराव रहा। क्रिसमस के त्योहार को देखते हुए भी ग्लोबल बाजार में कारोबार सुस्त रहा।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया। अमेरिका में बजट संकट के समाधान के लिए 31 दिसंबर की समय सीमा तय की गयी है, लेकिन अभी तक इस मसले का हल नहीं निकल पाया है। इस बीच क्रिसमस की छुट्टियां शुरू हो गई हैं, जिससे नीति निर्धारकों के पास समाधान ढूंढने के लिए और भी कम समय रह गया है।
विदेशी बाजार में निवेशक दम साधे इस घटनाक्रम को देख रहे हैं। घरेलू बाजार पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है और पिछले दो सप्ताह गिरावट में रहा बाजार आज कारोबारी हफ्ते के पहले दिन मजबूती लेकर खुला लेकिन सत्र के आखिर तक यह भारी दबाव में आ गए।