कारोबार के आखिरी घंटे में आई जोरदार तेजी से बाजार करीब 1 फीसदी उछल कर बंद हुए। सेंसेक्स 131 अंक चढ़कर 18,836 और निफ्टी 41 अंक चढ़कर 5,682 पर बंद हुआ। स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी आई। निफ्टी मिडकैप करीब 3 फीसदी चढ़ा। बीएसई स्मॉलकैप में करीब 1.5 फीसदी की तेजी आई।
मार्च सीरीज की एक्सपायरी और वित्त वर्ष 2013 के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में उठा-पटक दिखी। एशियाई बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद घरेलू बाजारों ने मिली-जुली शुरुआत की। लेकिन, खुलते ही बाजारों ने नीचे का रुख किया।
कारोबार के पहले ही घंटे में सेंसेक्स, निफ्टी में 0.5 फीसदी की गिरावट आई। निफ्टी 5600 के स्तर पर पहुंचा। हालांकि, लगातार पिट रहे मिड कैप शेयरों में खरीदारी लौटी। स्मॉलकैप शेयर सुस्त रहे।
यूरोपीय बाजारों के मजबूती पर खुलने से घरेलू बाजारों को सहारा मिला और बाजार मंगलवार के स्तरों पर लौटे। मिडकैप शेयरों में करीब 1.5 फीसदी की तेजी आई। कारोबार के आखिरी घंटे में शॉर्ट कवरिंग के चलते बाजारों ने रफ्तार पकड़ी और बाजार करीब 1 फीसदी उछले।
एशियाई बाजारों में शंघाई कंपोजिट 3 फीसदी और निक्की 1.25 फीसदी टूटे। हेंगसेंग 0.75 फीसदी और ताइवान इंडेक्स 0.35 फीसदी गिरे। हफ्ते में सेंसेक्स और निफ्टी 0.7 फीसदी मजबूत हुए। सीएनएक्स मिडकैप 1.3 फीसदी चढ़ा। बीएसई स्मॉलकैप 0.6 फीसदी मजबूत हुआ। बैंक निफ्टी में 1.6 फीसदी की तेजी आई।
मार्च सीरीज में सेंसेक्स में कोई बदलाव नहीं आया और निफ्टी 0.1 फीसदी गिरा। सीएनएक्स मिडकैप 2 फीसदी गिरा। बीएसई स्मॉलकैप 6.7 फीसदी टूटा। बैंक निफ्टी में 0.8 फीसदी की गिरावट आई।