अमेरिका की आर्थिक स्थिति सुधरने के संकेत के चलते अमेरिका समेत विदेशी बाजारों में मजबूती ने घरेलू शेयर बाजारों में भी माहौल को सकारात्मक बनाए रखा। रीयल्टी, कैपिटल गुड्स, मेटल और आईटी वर्ग के शेयरों में अच्छी लिवाली से शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त में रहे।
बांबे शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 109.44 अंक चढ़कर 19,252.61 अंक पर और नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 34.35 अंक बढ़कर 5,800 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुये 5,818.60 अंक पर बंद हुआ। बड़ी कंपनियों की तुलना में छोटी और मझोली कंपनियों में लिवाली का अधिक जोर रहा।
बीएसई का मिडकैप 72.35 अंक चढ़कर 6,410.07 अंक पर और स्मॉलकैप 92.13 अंक बढ़कर 6,238.02 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 2,977 कंपनियों के शेयरो में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,730 बढ़त में और 1,116 नुकसान में रहे, जबकि 131 शेयर अपने पुराने भाव पर टिके रहे। मंगलवार की देर रात अमेरिकी बाजारों के तूफानी तेजी के साथ 2008 की मंदी के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच जाने की खबर आने के बाद विदेशों के ज्यादातर मुख्य स्टॉक एक्सचेंज बढ़त के साथ खुले।
जापान का निक्की 2.13 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 0.96, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.90, ब्रिटेन का एफटीएसई 0.23 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.20 फीसदी बढ़त में रहा। सेंसेक्स की बढ़त में रहने वाली कंपनियों में स्टरलाइट 4.60 फीसदी, हिंडाल्को 3.25, टाटा मोटर्स 2.88, एलएंडटी 2.86, टाटा स्टील 2.59, भेल 2.19, विप्रो 1.86, स्टेट बैंक 1.67, इनफोसिस 1.56, आईसीआईसीआई बैंक 1.15, टीसीएस 1.14, रिलायंस 1.03, ओएनजीसी 0.86, डा रेड्डी 0.76, जिंदल स्टील 0.72 और बजाज ऑटो 0.26 फीसदी के साथ शामिल रहीं।
गिरावट वाले शेयरों में महिंद्रा 2.16 फीसदी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 1.98, आईटीसी 1.57, मारुति 1.21, गेल इंडिया 0.83, एनटीपीसी 0.60, टाटा पावर 0.36 और एचडीएफसी बैंक 0.29 प्रतिशत शामिल हैं। बीएसई में शामिल समूहों में केवल एफएमसीजी 1.05 फीसदी और सीडी 0.44 फीसदी गिरावट में रहे। बाकी के सभी समूह बढ़त में रहे। इनमें रीयल्टी 4.52 फीसदी, सीजी 2.47, धातु 2.20, आईटी 1.32, टेक 1.04, तेल-गैस 0.84, पीएसयू 0.66, बैंकिंग 0.65, पावर 0.64, ऑटो 0.32 और हेल्थ केयर 0.18 फीसदी तेजी में रहे।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती करने की उम्मीद में रीयल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में तगड़ी लिवाली हुई। जिसकी बदौलत रीयल्टी शेयरों में 12 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। आरबीआई इस माह अपनी मौद्रिक समीक्षा पेश करने वाला है। बीएसई पर हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 12.23 फीसदी उछलकर 67.90 रुपये पर पहुंच गए। वहीं, इंडियाबुल्स रीयल एस्टेट 5.74 फीसदी बढ़कर 64.50 रुपये और यूनिटेक 3.23 फीसदी ऊपर 27.14 रुपये पर रहा।
रीयल्टी शेयर उछले
ओबराय रीयल्टी में 5.78 फीसदी और डीएलएफ के शेयरों में 3.81 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। बीएसई का रीयल्टी सूचकांक पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 4.52 फीसदी ऊपर 2,034 अंक पर बंद हुआ। साथ ही बढ़त दर्ज करने वाले 13 सेक्टोरियल सूचकांकों में रीयल्टी सूचकांक टॉप पर रहा।
यूरोपीय बाजार भी साढ़े चार साल के टॉप पर
ग्लोबल अर्थव्यवस्था में रिकवरी की संभावना देखते हुए यूरोपीय शेयर बाजार बुधवार को जबर्दस्त तेजी के साथ 2008 की मंदी के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। यूरोप का प्रमुख शेयर सूचकांक एफएसटी यूरोफर्स्ट ने 300 अंक की ऊंची छलांग लगाकर 1,192.34 अंक के स्तर पर पहुंच गया। बढ़त की इस बयार में यह करीब साढ़े चार साल के सबसे ऊंचे स्तर को पार बर गया।
यूरो फर्स्ट में इतनी भारी बढ़त 2008 की मंदी के बाद से पहली बार देखने को मिली है। यूरोप का दूसरा प्रमुख सूचकांक यूरो स्टॉक्सएक्स भी 50 अंक की तेजी के साथ 2,695.17 अंक की ऊंचाई पर पहुंचा। इसके अलावा ब्रिटेन के एफटीएसई-100 में 0.3 फसदी, जर्मनी के डैक्स में 1.2, फ्रांस के सीएसी में 0.3 फीसदी की तेजी रही।