पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) स्टार्ट अप्स के लिए मानकों को अंतिम रूप देगा।
ये मानक स्टार्ट अप्स को देश के अंदर खुद को लिस्ट कराने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। सेबी ने कहा है कि वह जून तक इन मानकों को अंतिम रूप देगा। सेबी को अगले 6-9 माह में प्राइमरी मार्केट में रिवाइवल होने की उम्मीद है।
सेबी के चेयरमैन यूके सिन्हा ने सीआईआई द्वारा आयोजित छठे कैपिटल मार्केट समिट में कहा कि सेबी ने एक विमर्श पत्र लाने की योजना बनाई है और वह जून तक स्टार्ट अप कंपनियों के लिए नियम लाने को तैयार है।
यह नियम ऐसी कंपनियों को देश में लिस्ट कराने की अनुमति देंगे। कई नई टेक्नोलॉजी वाली कंपनियों के सामने कई दिक्कतें हैं और वे विदेश में लिस्टिंग की संभावनाएं तलाश रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हमें कुछ नियम बनाने होंगे। हम इन कंपनियों को मुनाफे के मोर्च पर थोड़ी राहत मुहैया करा सकते हैं क्योंकि ये कंपनियां एक खास बिजनेस मॉडल पर काम करती हैं।