बाजार नियामक सेबी ने यूबी समूह की कंपनी यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड में 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 5,441 करोड़ रुपये के ओपन ऑफर के संबंध में ग्लोबल शराब कंपनी डियाजियो से अतिरिक्त विस्तृत ब्योरा मांगा है। यह ओपन ऑफर डियाजियो द्वारा यूनाइटेड स्प्रिट में 53.4 फीसदी हिस्सेदारी के प्रस्तावित अधिग्रहण का एक हिस्सा है। यह सौदा कुल 11,166.5 करोड़ रुपये में हुआ है।
समझौते के मुताबिक गत 9 नवंबर को डियाजियो ने यूनाइटेड स्प्रिट में 27.4 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। यह अधिग्रहण डियाजियो ने मौजूदा प्रमोटरों से शेयरों की खरीद और शेयरों के तरजीही आवंटन के जरिए संयुक्त रूप से 5,725.4 करोड़ रुपये में किया।
इसके अलावा यूनाइटेड स्प्रिट की 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी ओपन ऑफर के जरिए लेने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत करीब 3.8 करोड़ शेयरों की खरीद 1,440 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से करीब 5,441 करोड़ रुपये में किया जाना है।