भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) राइट्स इश्यू सहित पब्लिक ऑफर के जरिए 15,000 करोड़ रुपये जुटाएगा। बैंक इस राशि का इस्तेमाल कारोबार के वित्त पोषण और वैश्विक पूंजी पर्याप्तता मानक को पूरा करने में करेगा।
एसबीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूंजी जुटाने के लिए डायरेक्टर्स की समिति ने पब्लिक इश्यू क जरिए 15,000 करोड़ तक पूंजी जुटाने के लिए सरकार या आरबीआई की मंजूरी मांगने का फैसला किया है।
बयान में कहा गया है कि बैंक को संपत्ति बढ़ने और पूंजी पर्याप्तता के तय स्तर के अनुपालन के लिए पर्याप्त पूंजी की जरूरत है। एसबीआई का यह कदम ऐसे समय सामने आया है जब हाल में कैबिनेट ने बैंकों को सरकार की हिस्सेदारी 58 फीसदी से घटा कर 52 फीसदी तक लाने की मंजूरी दी है। इससे बैंक बेसल 3 मानकों को पूरा करने के लिए बाजार से पूंजी जुटा सकते हैं।