देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का चालू वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा 30.16 फीसदी की वृद्धि के साथ 3,658.14 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में 2,810.43 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
हालांकि, इस मुनाफे के बावजूद समीक्षाधीन तिमाही में एसबीआई की एसेट क्वालिटी पर खास दबाव देखा गया है। आलोच्य अवधि में बैंक का सकल गैर निस्पादित संपत्तियों (एनपीए) का अनुपात पिछले वित्तवर्ष की इसी अवधि के 4.19 फीसदी से बढ़कर 5.15 फीसदी हो गया है। बीएसई को दी जानकारी में एसबीआई ने बताया है कि आलोच्य तिमाही में उसका सकल एनपीए 49,202.46 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इस अवधि में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 4.69 फीसदी बढ़कर 10,974 करोड़ रुपये हो गई। जबकि, समीक्षाधीन अवधि में बैंक की कुल आमदनी पिछले साल के 29,394.32 करोड़ रुपये से बढ़कर 32,953.47 करोड़ रुपये हो गई। दूसरी तिमाही में एसबीआई का नेट इंटरेस्ट मार्जिन 3.57 फीसदी से बढ़कर 3.77 फीसदी हो गया। एसबीआई का कैपिटल एडेक्वेसी रेश्यो 12.63 फीसदी रहा।