सिक्यूरिटीज अपीलेट ट्रिब्यूनल (सैट) ने बाजार नियामक सेबी के खिलाफ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की याचिका पर सुनवाई 24 जनवरी तक के लिए टाल दी है। बाजार नियामक ने ट्रिब्यूनल से रिलायंस की याचिका पर और अधिक अध्ययन के लिए समय मांगा था।
सेबी द्वारा आरआईएल की समझौता याचिका खारिज करने के बाद रिलायंस ने सैट का दरवाजा खटखटाया है। रिलायंस ने अपनी पूर्व इकाई रिलायंस पेट्रोलियम लिमिटेड के शेयरों की बिक्री में इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों का उल्लंघन करने के आरोपों की जांच कराने की मांग की थी। लेकिन सेबी ने अपने कांसेंट ऑर्डर के प्रावधानों के लिए मामले के निपटारे का आवेदन खारिज कर दिया था।
इसके बाद रिलायंस ने सैट में याचिका दाखिल की, जिसकी शुक्रवार को सुनवाई होने वाली थी। लेकिन, सेबी ने रिलायंस की याचिका के अध्ययन के लिए अधिक समय की मांग की। जिसके चलते सैट ने मामले की सुनवाई 24 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी।