भारत के रिटेल सेक्टर की ग्रोथ अगले कुछ वर्षों में पहले की तुलना में सुस्त रहने की उम्मीद है। इंडिया रिटेल रिपोर्ट के अनुसार रिटेल सेक्टर के अगले तीन वर्ष में लगभग 16 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद है, जबकि पहले के वर्षो में रिटेल सेक्टर की ग्रोथ 18 फीसदी रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा समय में रिटेल मार्केट 38,93,425 करोड़ रुपये का है और यहां तक पहुंचने में रिटेल मार्केट की ग्रोथ का औसत 18 फीसदी रहा है। इमेजेस ग्रुप द्वारा इंडिया रिटेल रिपोर्ट दो वर्ष में एक बार प्रकाशित की जाती है।
अनुमान है कि 2017 तक देश का रिटेल मार्केट 61,56,333 करोड़ रुपये का होगा और यह और ऊपर जा सकता है।
मौजूदा समय में अपैरल रिटेल मार्केट 32,4,500 करोड़ रुपये का है और यह लगभग 21 फीसदी फीसदी की दर से बढ़ रहा है।
अनुमान है कि इस मार्केट में मॉडर्न रिटेल का हिस्सा 43.1 फीसदी है और यह ज्यादा तेजी से बढ़ेगा। मॉडर्न रिटेल में कोई सुस्ती नहीं रही और मॉडर्न रिटेल की ग्रोथ की अगुवाई अपैरल कैटेगरी कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इंडस्ट्री का अनुमान है कि अपैरल कैटैगरी लगभग 40 फीसदी की दर से ग्रोथ करेगी।
फैशन एक्सेसरीज का रिटेल मार्केट 15,557 करोड़ रुपये का है। अनुमान है इस मार्केट में मॉडर्न रिटेल का हिस्सा 13.3 फीसदी है और यह सालाना लगभग 23 फीसदी की दर से बढ़ेगा। रिपोर्ट के मुताबिक आउटलेट की संख्या के लिहाज से रिटेल का विस्तार लगभग 18 फीसदी की दर से हुआ है और रिटेल स्पेस की ग्रोथ लगभग 32 फीसदी रही थी।
मौजूदा समय में फूड सर्विसेज रिटेल मार्केट 2,04,438 करोड़ रुपये का है और यह 24 फीसदी की दर से बढ़ रहा है। 2017 तक उम्मीद है कि फूड सर्विसेज रिटेल मार्केट 3,80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक अनुमान है कि इस मार्केट में मॉडर्न रिटेल का हिस्सा 13.3 फीसदी है और इसके आगे 31 फीसदी की दर से ग्रोथ का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आउटलेट की संख्या और रिटेल स्पेस के लिहाज से रिटेल एक्सपैंशन औसतन 31 फीसदी से 35 फीसदी तक बढ़ा है और औसत सेम स्टोर रेवन्यू ग्रोथ 16 फीसदी तक रही है। मौजूदा समय में ज्वेलरी रिटेल मार्केट 2,01,344 करोड़ रुपये का है और 26 फीसदी की दर से बढ़ रहा है।
2017 तक उम्मीद है कि ज्वेलरी रिटेल मार्केट 3,83,000 करोड़ रुपये का हो जाएगा। इस मार्केट में मॉडर्न रिटेल का हिस्सा 10.2 फीसदी है और उम्मीद है कि यह 22 फीसदी की दर से बढ़ेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि मोबाइल और टेलीकॉम रिटेल मार्केट 2,03,981 करोड़ रुपये का है। इस मार्केट में मॉडर्न रिटेल का हिस्सा 19.3 फीसदी है।