रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) समूह की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड (आरजेआईएल) ताज महोत्सव में ‘जियोनेट’ हाई स्पीड वाई-फाई सेवा उपलब्ध करा रही है। बुधवार से शुरू हुए ताज महोत्सव में यह सेवा ताज महल के पूर्वी द्वार पर स्थित महोत्सव स्थल शिल्पग्राम में 27 फरवरी तक उपलब्ध कराई जाएगी।
रिलायंस जियो के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई जा रही वाई-फाई सेवा के जरिए महोत्सव में आने वाले लोग अपने स्मार्टफोन और टैबलेट जैसी डिवाइसों पर हाई स्पीड वायरलैस कनेक्टिविटी प्राप्त कर सकेंगे। सुविधा के उपयोग के लिए उपभोक्ताओं को स्क्रीन पर दिखने वाले कुछ सरल निर्देशों का पालन करना होगा ।
जियो ने ताज महोत्सव स्थल पर ही आगंतुकों को अपनी सेवाओं के सुविधाजनक इस्तेमाल के लिए सहायता की अलग व्यवस्था भी की है ताकि वे ‘जियोनेट’ सेवाओं का भरपूर लुत्फ ले सकें। कंपनी के मुताबिक ताज महोत्सव के दौरान सेवा का उपयोग करने वाले लोगों के अनुभवों और प्रतिक्रियाओं के आधार पर सेवाओं में और सुधार लाया जाएगा, ताकि इसे औपचारिक लॉन्च से पहले और बेहतर बनाया जा सके।
गौरतलब है कि रिलायंस जियो देशभर में 4जी सेवाओं के संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त करने वाली इकलौती टेलीकॉम कंपनी है।