अगर आप इंटरनेट यूज करने के शौकीन है और अभी तक कम कीमतों में ही इंटरनेट सर्फिंग कर रहे थे। तो अब ज्यादा इंटरनेट सर्फिंग के लिए ज्यादा पैसे देने के लिए तैयार हो जाइए।
रिलायंस कम्यूनिकेशंस (आरकॉम) ने 3जी इंटरनेट सेवाओं की दरें 26 फीसदी बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही कंपनी ने इंटरनेट पैकेजों पर ग्राहकों को दिए जाने वाले लाभों (बेनिफिट) में 60 फीसदी तक की कटौती कर दी है।
कंपनी ने 3जी के एक जीबी डेटा प्लान की दर 123 रुपये से बढ़ा कर 156 रुपये कर दी है। इसके अलावा 3जी 123 मोबाइल इंटरनेट पैक के तहत अब ग्राहकों को केवल 400 एमबी इंटरनेट सर्फिंग सुविधा मिलेगी, जोकि करीब 60 फीसदी कम है।
इसके अलावा कंपनी ने 246 रुपये और 492 रुपये के पैकेज पर इंटरनेट यूसेज की सीमा को 2 जीबी व 4 जीबी से घटा कर क्रमश: 1.5 जीबी और 3 जीबी कर दी है।