वैश्विक रेटिंग एजेंसी फिच द्वारा देश का रेटिंग आउटलुक निगेटिव से स्टेबल करने से रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से रिकवरी करने में कामयाब रहा।
मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 60 पैसे की मजबूती लेकर 57.79 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले सत्र रुपया रिकार्ड न्यूनतम स्तर 58.39 पर आ गया था।
बाजार डीलरों का कहना है कि कुछ बड़े औद्योगिक समूहों द्वारा डॉलर की बिकवाली और विदेशी बाजारों में यूरो के मुकाबले डॉलर के कमजोर पड़ने से रुपये का सेंटीमेंट मजबूत हुआ।
रुपये में मजबूती के साथ 58.20 पर कारोबार शुरू हुआ। सत्र में यह 57.73 के उच्च स्तर तक पहुंच गया। आखिर में 60 पैसे यानी 1.06 फीसदी मजबूत होकर 57.79 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले पांच कारोबारी सत्र में रुपये में 195 पैसे की गिरावट आ चुकी थी।