रिजर्व बैंक ने बतौर एनबीएफसी लोगों से गैर कानूनी तरीके से पूंजी जुटाने वाली संदिग्ध कंपनियों की स्क्रूटनी शुरू कर दी है। आरबीआई ने सीधे-साधे निवेशकों को धोखाधड़ी वाली निवेश योजनाओं से बचाने की कोशिशों के तहत यह पहल की है।
रिजर्व बैंक ने यह कार्रवाई कॉरपोरेट मंत्रालय की ओर से 34,700 से अधिक कंपनियों, जो बतौर एनबीएफसी लोगों से पैसे जुटा रही हैं, की सूची भेजे जाने के बाद यह कार्रवाई शुरू की है।
मंत्रालय ने यह सूची बीते साल के शुरुआत में ही तैयार कर ली थी, जब 10,000 करोड़ रुपये का सारदा चिटफंड घोटाला सामने आया था।
सूत्रों का कहना है कि रिजर्व बैंक ने इन कंपनियों की स्क्रूटनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इन कंपनियों ने एनबीएफसी के रूप में पंजीकृत हुए बगैर अवैध तरीके से लोगों से पैसे जुटाए हैं।