आरबीआई द्वारा रेपो रेट और सीआरआर में कटौती करने के बाद बैंकों ने कर्ज जल्द सस्ता करने के संकेत दे दिया है। बैंकर्स के अनुसार आरबीआई का कदम बाजार में नकदी भी बढ़ाएगा। जिसका फायदा ज्यादा कर्ज वितरण के रूप में भी दिखेगा। इसके साथ ही नए उत्पाद भी ग्राहकों को लुभाने के लिए आ सकते हैं। बैंक अपनी एसेट लाइबिलटी कमेटी की बैठक में ब्याज दरों में कमी करने की फैसला लेने की बात कह रहे हैं।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के चेयरमैन और पंजाब नेशनल बैंक के सीएमडी केआर कामथ ने आरबीआई के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विकास दर में तेजी का माहौल बनेगा। रेपो रेट में कमी करने से स्पष्ट है कि आरबीआई का अब जोर आर्थिक विकास पर है। जहां तक ब्याज दरों में कमी की बात है, तो बैंक इसे ग्राहकों को तक पहुंचाएंगे।
आईसीआईसीआई बैंक की एमडी और सीईओ चंदा कोचर के अनुसार आरबीआई के कदम से विकास दर में तेजी आने का साथ बाजार में नकदी भी बढ़ेगी। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के कार्यकारी निदेशक सीवीआर राजेंद्रन के अनुसार ब्याज दरों में कटौती का माहौल बना है।
इंडस्ट्री के प्रमुख बैंकों द्वारा कर्ज सस्ता करने के कदम उठाने के बाद बैंक ऑफ महाराष्ट्र इस दिशा में कदम उठाएगा। पंजाब एंड सिंध बैंक के कार्यकारी निदेशक पीके आनंद ने भी कहा है कि आरबीआई का कदम उम्मीदों के मुताबिक है। जहां तक ब्याज दरों में कमी की बात है, तो इसका फायदा बैंक ग्राहकों तक पहुंचाएंगे।
कर्ज सस्ता होने के बने माहौल में आरबीआई ने बढ़ते चालू खाता घाटा पर भी चिंता जताई है। आरबीआई ने कहा है कि चालू खाता घाटा अभी तक के उच्चतम स्तर पर है। ऐसे में इस कम करने के कदम सरकार द्वारा उठाए जाने चाहिए। साथ ही आरबीआई ने बैंकों की बढ़ती गैर निष्पादित संपत्तियों (एनपीए) पर भी चिंता जताई है। ऐसे में उसने बैंकों को कर्ज देने के मामले में बेहतर फैसले लेने की भी बात कही है।