अमेरिका की एक अदालत ने इनसाइडर ट्रेडिंग मामले में धोखाधड़ी और षडयंत्र रचने के मुकदमे में गोल्डमैन सैक्स के पूर्व निदेशक भारतीय मूल के रजत गुप्ता को चार आरोपों में मुजरिम करार दिया है। अदालत ने गुप्ता को दो साल कारावास की सजा सुनाई है। अमेरिकी कोर्ट में चले मुकदमे में दोषी पाए जाने के बाद गुप्ता ने अपने परिजनों और साथियों से माफी मांगी है।
रजत गुप्ता
--भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक
--गोल्डमैन सैक्स के पूर्व डायरेक्टर
जन्म : 2 दिसंबर, 1948 को कोलकाता के माणकतल्ला में
पिता : अश्वनी कुमार गुप्ता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पत्रकार थे
माता : प्राण कुमारी गुप्ता एक स्कूल में पढ़ाती थीं
रजत 16 वर्ष के थे तब उनके पिता का और फिर 18 वर्ष के उम्र में उनके माता का अचानक देहांत हो गया था।
पत्नी : अनिता मट्टू
शिक्षा : 1966 में आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में 15वां स्थान, आईआईटी दिल्ली से मेकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक, अमरीका के हार्वर्ड स्कूल में एमबीए
नौकरी
--अमेरिकी व्यवसायिक जगत में गुप्ता कई प्रमुख पदों पर रह चुके हैं।
--1973 में कंसल्टैंसी फर्म मैकिंजी के न्यूयॉर्क दफ्तर में पहली बार नौकरी शुरू की और 20 साल के भीतर ही इस कंपनी के सर्वोच्च पद पर पहुंच गए।
--इस कंपनी के सीईओ बनने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति थे। इसके अलावा गोल्डमैन सॉक्श और प्रॉक्टर ऐंड गैंबल के बोर्ड की सदस्य, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के सहसंस्थापक, बिल ऐंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के कार्यकारी नेतृत्व के सलाहकार का पद प्रमुख हैं।
--वह अमेरिकन एयरलाइंस की मुख्य कंपनी एएमआर कॉर्पोरेशन के निदेशक भी रहे हैं।
धोखाधड़ी का मामला
गुप्ता ग्लोबल निवेश बैंक गोल्डमैन सॉक्श और अमेरिकी एफएमसीजी कंपनी प्राक्टर एंड गेंबल के पूर्व डायरेक्टर रह चुके हैं। इस दौरान अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए उन्होंने दोनों कंपनियों की गोपनीय जानकारी गैलियन हेज फंड को मुहैया कराई। इससे फंड के संस्थापक राजा राजरत्नम ने 1.8 करोड़ डॉलर से ज्यादा गैरकानूनी मुनाफा कमाया।
--अमेरिकी सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन (एसईसी) ने रजत पर यह आरोप लगाया था। गुप्ता राजरत्नम के दोस्त और कारोबारी सहयोगी हैं।
--भेदिया कारोबार के इस हाइप्रोफाइल मामले में श्रीलंकाई मूल के हेज फंड कारोबारी राजा राजरत्नम को अदालत पहले ही 11 साल की सजा सुना चुकी है।
26 अक्तूबर, 2011 : अमेरिकी खुफिया विभाग ने रजत गुप्ता को गिरफ्तार किया
15 जून, 2012 : न्यूयॉर्क की एक अदालत ने गुप्ता को छह में से चार अपराधों के लिए दोषी पाया
25 अक्तूबर, 2012 : अदालत ने इस मामले में रजत गुप्ता को दो साल कैद की सजा व 50 लाख डॉलर का जुर्माना सुनाया
क्या है भेदिया कारोबार
जब कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़ा कोई व्यक्ति अंदरूनी जानकारी के आधार पर शेयरों की खरीद-बिक्री कर लाभ कमाता है तो इसे ही भेदिया कारोबार कहा जाता है। साथ ही इस जानकारी को बाहर के किसी भी व्यक्ति को देकर उसे लाभ पहुंचाना भी इनसाइडर ट्रेडिंग के दायरे में आता है। भारत में भी सेबी कानून 1992 के तहत भेदिया कारोबार अपराध है।