रेल बजट में देश को नई पीढ़ी ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। मंगलवार को पेश होने वाले रेल बजट में हाई स्पीड बुलेट ट्रेन की योजना को आगे बढ़ाने के साथ ही सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा राजधानी, शताब्दी मार्गों पर ईएमयू ट्रेन सेट चलाने की घोषणा की जा सकती है।
ईएमयू ट्रेन सेट खरीदने के लिए मंत्रालय पहले से ही जापान सरकार के संपर्क में है। रेल बजट पर इस बार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भरोसेमंद सलाहकार सैम पित्रोदा तथा मोंटेक सिंह अहलूवालिया का स्पष्ट प्रभाव दिख सकता है। रेलवे को आधुनिक बनाने में सैम पित्रोदा तथा उसकी माली हालत को मजबूत करने में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया का दखल अब बढ़ गया है।
बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए भारी भरकम निवेश की जरूरत होगी। यह परियोजना पिछले कई वर्षों से लटकी हुई है। रेलवे इसके लिए सात कॉरीडोर की पहचान कर रिपोर्ट तैयार करा चुका है। इन कॉरीडोर में बुलेट ट्रेन के लिए तकनीकी स्टडी के लिए हाल ही में फ्रांस से भी समझौता किया गया है। बजट में रेलवे इनमें से कुछ रूटों के डीपीआर तैयार कराने की घोषणा कर सकता है। बुलेट ट्रेन के लिए विशेष ट्रैक बनाने में इस समय लगभग 100 करोड़ रुपये प्रति किमी खर्च अनुमानित है।
ईएमयू ट्रेन सेट
यूरोपीय देशों की तर्ज पर रेलवे अपन व्यस्त रूटों पर आधुनिक ईएमयू ट्रेन सेट चलाने की योजना बना रहा है। इस तरह की ट्रेन में अलग से इंजन नहीं लगता है। हर डिब्बे में पावर यूनिट्स लगी होती हैं। अलग से इंजन न होने के कारण इस ट्रेन को अंतिम स्टेशन पर बिना शंटिंग के वापस तत्काल चलाया जा सकता है। रेलवे पहले से ही 130 से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले ट्रेन सेट्स खरीदने की योजना पर काम कर रहा है।
बजट में दिल्ली से चंडीगढ़, अमृतसर से चंडीगढ़ तथा मुंबई से अहमदाबाद के बीच इस ट्रेन को चलाने की घोषणा की जा सकती है। ईएमयू ट्रेन सेट्स स्टेशन से छूटते ही दो मिनट में अधिकतम स्पीड ले सकती है। सेमी हाई स्पीड ट्रेन सबसे पहले दिल्ली-मुंबई रूट पर चलाए जाने की योजना है। रेलवे इसके लिए जापान के सहयोग से इस रूट के ट्रैक के उन्नयन के लिए स्टडी भी करा चुका है। उन्नयन के बाद इस ट्रैक पर 160 से 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन का चलना संभव हो सकेगा।
ईएमयू ट्रेन सेट्स के कुछ तथ्य
स्पीड -- 130 से 150 किमी प्रति घंटा
21 कोच की ट्रेन की कीमत -- 200 करोड़
ईंधन खपत -- सामान्य ट्रेन से 30 फीसदी कम