सरकार जल्द ही थाईलैंड से कम शुल्क पर सोने के आभूषणों के आयात पर प्रतिबंध लगा सकती है। सोने के बढ़ते आयात को लेकर चिंतित वाणिज्य मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग को पत्र लिखकर इस बारे में अधिसूचना जारी करने को कहा है।
गौरतलब है कि अर्ली हॉरवेस्ट स्कीम के तहत थाईलैंड से सोने के गहनों के आयात पर सिर्फ एक फीसदी शुल्क लगता है। जबकि, आमतौर पर यह 6 फीसदी है। इसी वजह से एशिया के बाकी देशों से भी थाईलैंड के रास्ते सोना भारत आ रहा है। राजस्व विभाग को भेजे पत्र में वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि जब तक थाईलैंड की ओर से जारी सर्टिफिकेट ऑफ ऑरिजिन की पुष्टि नहीं हो जाती है, तब तक इस योजना के तहत थाईलैंड से सोने के आभूषणों के आयात को स्थगित रखा जाए।
राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने के लिए सरकार सोने के आयात को कम करने की भरसक कोशिशें कर रही है। लेकिन सोने पर दो फीसदी आयात शुल्क बढ़ने से इसकी तस्करी भी बढ़ गई है। जनवरी में सोने पर दो फीसदी आयात शुल्क बढ़ाने के बावजूद इसका आयात बढ़कर 100 टन तक पहुंच गया है।