पेट्रोल की कीमतों में जल्द ही एक रुपए प्रति लीटर तक की कटौती हो सकती है। कीमतों में यह कमी सरकारी तेल कंपनियों द्वारा आने वाले दिनों में पेट्रोल के मूल्य की समीक्षा के तहत की जा सकती है। यह संकेत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन आरएस बुटोला ने दिए हैं।
बुटोला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैसोलीन के दामों में कुछ गिरावट आई है, जिस पर घरेलू बाजार में पेट्रोल की कीमतें आधारित रहती हैं।
इससे हमारे लिए कीमतें घटाने की कुछ गुंजाइश बनती नजर आ रही है। इसके अलावा डॉलर की तुलना में रुपए में भी कुछ मजबूती आई है। तेल कीमतों की आगामी समीक्षा में हमें इन बातों को ध्यान में रखेंगे।
गौरतलब है कि पेट्रोल की कीमतों की पिछली समीक्षा 27 अक्तूबर को की गई थी, जिसके तहत इसके दाम 29 पैसे प्रति लीटर बढ़कर दिल्ली में 68.19 रुपए प्रति लीटर हो गए थे।