आलू-प्याज की मंहगाई पर काबू पाने के लिए सरकार नाभिकीय विकिरण के जरिए इनके भंडारण के उपाय तलाश रही है। इस मुद्दे पर ग्रामीण विकास मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में बुधवार को अंतर-मंत्रालय समूह की बैठक बुलाई गई है। जिसमें भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठï वैज्ञानिक और परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष अनिल काकोदकर फल-सब्जियों की बर्बादी रोकने की इस तकनीक की जानकारी देंगे।
प्याज के संरक्षण का यह तरीका अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के समय आजमाया जा चुका है। उस समय नासिक में एक प्याज संरक्षण केंद्र खोला गया था। लेकिन देश के दूसरे हिस्सों में ऐसे भंडार केंद्र नहीं खुल पाए। गडकरी प्याज के साथ-साथ बाकी फल-सब्जियों के संरक्षण में भी नाभिकीय तकनीक को बढ़ावा देने के पक्ष में हैं। बुधवार को होने वाली बैठक में कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, खाद्य मंत्री राम विलास पासवान के अलावा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी मौजूद रहेंगी।