सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने त्रिपुरा में और गैस भंडार मिलने की संभावना के मद्देनजर पूर्वोत्तर के इस राज्य में अपना संचालन क्षेत्र बढ़ाने की योजना बनाई है। ओएनजीसी के सूत्रों ने बताया कि भारतीय भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार त्रिपुरा में भूमि के नीचे प्राकृतिक गैस होने की संभावना है। इसी संभावना को तलाशने के लिए ओएनजीसी ने राज्य के उत्तरी हिस्से खुबाल में खनन कार्य बढ़ाने का फैसला किया है।
इस इलाके में अभी पांच कुएं खोदे गए हैं। सूत्रों के अनुसार इन पांच कुओं में एक में गैस मिली है। इससे उत्साहित ओएनजीसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के किनारे खुबाल में तीन और कुंए खोदने की योजना बनाई है। ओएनजीसी ने त्रिपुरा के अथारोमुरा क्षेत्र में भी गैस खनन की योजना बनाई है।
क्षेत्र में खुदाई की प्रारंभिक तैयारियां भी जा रही हैं। ओएनजीसी ने उत्तर त्रिपुरा में यूरिया कारखाना लगाने के लिए 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से टाटा केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक करार किया है। इसके लिए दोनों कंपनियां बाजार से 2,000 करोड़ रुपये का ऋण लेंगी।