कार कंपनियों की तरफ से जारी ऑफर में असली फायदा उन्हीं लोगों को है जिन्हें अपनी पुरानी कार बेचकर नई कार लेनी है। जो ग्राहक पहली बार कार खरीदने की योजना बना रहे हैं उन्हें अन्य प्रकार की कई छूट नए साल में भी मिल सकती है। कार डीलरों के मुताबिक हर माह के लिए कंपनी अलग-अलग ऑफर लाती है।
इन दिनों मारुति, ह्यूंदे, टोयोटा व अन्य कई कार कंपनियां एक्सचेंज बोनस ऑफर दे रही हैं। कार कंपनियों की तरफ से मुफ्त इंश्योरेंस, कॉरपोरेट डिस्काउंट जैसे अन्य कई प्रकार के भी ऑफर किए जा रहे हैं। लेकिन कार की लगभग सभी कंपनियां एक्सचेंज ऑफर के नाम पर सबसे अधिक छूट दे रही हैं।
ह्यूंदे अपने ग्रांड पेट्रोल वर्जन पर 10,000 रुपये की छूट एक्सचेंज बोनस के नाम पर दे रही है। मतलब पुरानी कार देकर नई कार लेने पर पुरानी कार की लगाई गई कीमत के अलावा 10,000 रुपये की छूट। इस कार पर 4,000 रुपये की नगद छूट भी चल रही है।
ग्रांड के डीजल वर्जन पर एक्सचेंज बोनस के रूप में 25,000 रुपये की छूट दी जा रही है। इसके अलावा गाड़ी की बीमा मुफ्त और अगर आप कॉरपोरेट या सरकारी नौकरी में है तो 1,000-1,500 रुपये की छूट अलग से। सेंट्रो पर 15,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस है और पुरानी गाड़ी नहीं बेचने वालों के लिए 11 हजार रुपये तक की छूट की पेशकश की जा रही है।
मारुति डीलर मैजिक ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक कुलजीत सिंह का कहना है कि कंपनी हर महीने के लिए अलग-अलग ऑफर लाती है। कार की खरीदारी पर अभी जो छूट चल रही है वही छूट पिछले महीने भी थी, लेकिन अगले महीने तक यही छूट जारी रहेगी ऐसा नहीं कहा जा सकता है।
हर साल के अंत में कार कंपनियां अतिरिक्त छूट देती हैं। कार कंपनी साल अंत में कुछ दिनों के लिए उत्पादन भी बंद कर देती है। सिंह कहते हैं, डीलर अपनी तरफ से कोई छूट नहीं देते हैं जो कार इस साल बच जाएंगी, उनपर भी कंपनी की नीति के मुताबिक छूट दी जाएगी।
अभी मारुति के रिट्ज डीजल वर्जन पर सबसे अधिक 30,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है। मारुति की वैगन आर पर चल रही 55,000 रुपये तक की छूट में 20,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस, तीन साल का इंश्योरेंस तो कुछ कॉरपोरेट डिस्काउंट शामिल है।
टोयोटा के लीवा डीजल वर्जन पर 40,000 रुपये का डिस्काउंट बताया जा रहा है। इनमें 20,000 रुपये एक्सचेंज बोनस के रूप में तो 20,000 रुपये का इंश्योरेंस शामिल है। हंस ह्यूंदे के टीम मैनेजर सर्वर खान का कहना है कि कार की कीमतों में छूट हर साल के अंत में दी जाती है। इस प्रकार की छूट से ग्राहकों को शोरूम तक लाने में जरूर मदद मिलती है। छूट सुनकर ग्राहक शोरूम तक आते हैं और फिर खरीदारी का मन बना लते हैं।