कोल्ड ड्रिंक्स में फलों का जूस मिलवाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को अमलीजामा पहनाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण विभाग सक्रिय हो गया है। इस मुद्दे पर जल्द ही देश की प्रमुख बेवरेज कंपनियों को बुलाकर चर्चा की जाएगी।
इस बीच केंद्र सरकार ने फलों के उत्पादन में अग्रणी यूरोपीय देशों की बेस्ट प्रैक्टिस (उम्दा उपायों) को समझना भी शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी यात्रा से पहले पेप्सी, कोका कोला जैसी कंपनियों को कोल्ड ड्रिंक्स में कम से कम 5 फीसदी फलों का जूस मिलाने का सुझाव दिया था। उनका दावा है कि इससे देश भर के किसानों को फायदा पहुंचेगा।
खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री के सुझाव को आगे बढ़ाने के लिए हलचल तेज हो गई है।