सरकारी तेल कंपनियों ने साफ किया है कि रियायती रसोई गैस (एलपीजी) के नए कनेक्शन को जारी करने पर कोई रोक नहीं है। इन्हें मल्टीपल कनेक्शनों की जांच के बाद जारी किया जाएगा। साथ कंपनियों ने कहा है कि एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, ऐसे में उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
कंपनियों ने एक बयान में कहा है कि मल्टीपल कनेक्शनों की जांच और अपने उपभोक्ता को जाने (केवाईसी) फार्म भरकर मिलने के बाद ही नए कनेक्शन को जारी किया जाएगा। नया एलपीजी कनेक्शन लेने के इच्छुक लोगों को भी पता और पहचान पत्र के साथ केवाईसी फार्म भरकर देना होगा।
तेल कंपनियां देश भर में व्यापक स्तर पर एक ही पते पर कई कनेक्शनों का इस्तेमाल कर रहे लोगों की पहचान करने का अभियान चला रही हैं। सरकार के एक साल में 6 रियायती एलपीजी गैस सिलेंडरों की संख्या निर्धारित किए जाने के बाद 31 मार्च 2013 तक हर परिवार को अब केवल तीन ही रियायती सिलेंडर मिल सकेंगे।
हालांकि गैर रियायती गैस सिलेंडरों की खरीद पर कोई रोक नहीं है। एलपीजी उपभोक्ता अगले साल एक अप्रैल से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष के दौरान छह रियायती सिलेंडर ले सकेंगे। तेल कंपनियों ने कहा है कि आगामी त्योहारों के दौरान एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं होगी। मांग के अनुसार आपूर्ति कराने के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को भयभीत होने की जरूरत नहीं है।