जापानी कार कंपनी निसान मोटर्स 2015-16 तक घरेलू बाजार में अपने डटसन ब्रांड सहित 10 नए मॉडल लांच करेगी। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (अफ्रीका, मध्य एशिया व भारत) तोरु हासेगावा ने बताया कि हम अपनी ग्लोबल निसान पावर प्लान योजना के अंतर्गत वित्तवर्ष 2016 तक भारतीय बाजार में 10 नए मॉडल लांच करेंगे। हर साल लगभग दो मॉडल लांच किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कंपनी 2014 में भारत में अपना डटसन ब्रांड लांच करेगी। उन्होंने बताया कि तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाएं हमारे ग्लोबल लक्ष्य को हासिल करने में सहायक होंगी। भारतीय बाजार हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। निसान भारतीय बाजार में पूरे सेगमेंट तक अपनी पहुंच बनाने पर विचार कर रहा है, लेकिन उसका विशेष ध्यान कीमतों को लेकर संवेदनशील सेगमेंट पर होगा।