अब आप नैनो को किराए पर लेकर उसकी ड्राइव कर सकते हैं। ऐसा करने के लिए आपको महज 99 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इसके लिए टाटा मोटर्स ने किराए पर टैक्सी देने वाली कंपनी कार्जऑनरेंट के साथ समझौता किया है।
समझौते के तहत नैनो ट्विस्ट को एक घंटे से लेकर एक महीने तक किराए पर लिया जा सकता है। नैनो को एक घंटे किराए पर लेने का खर्च 99 रुपये होगा।
वहीं पूरे दिन के लिए 399 रुपये और एक महीने के लिए आपको 6999 रुपये चुकाने होंगे। यह सुविधा दिल्ली-एनसीआर में 43 स्थानों से मिल सकेगी। किराए पर नैनो को आप ऑन लाइन बुकिंग के जरिए भी ले सकेंगे। कार्जऑनरेंट ने टाटा मोटर्स से 200 नैनो ट्विस्ट खरीदी है।
बुधवार को समझौते की घोषणा करते हुए कार्जऑनरेंट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ राजीव विज ने कहा कि हम ग्राहकों को बेहतर विकल्प देना चाहते हैं।
किराए पर सेल्फ ड्राइव का विकल्प किफायती और सुविधाजनक है। इस कदम से हमारी कोशिश है कि रोजाना यात्रा करने वाले को सेल्फ ड्राइव का मौका मिले, साथ ही इससे कार शेयरिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।