देश और दुनिया के बड़े उद्योगपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी मेक इन इंडिया अभियान को लांच करने के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले समारोह में शमिल रहेंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड प्रमुख मुकेश अंबानी, एस्सार ग्रुप चेयरमैन शशि रुइया सहित कई वैश्विक और घरेलू सीईओ इस मौके पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस अभियान का मकसद भारत को ग्लोबल मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाना और व्यापार और आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा देने के साथ देश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है।
केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए आधिकारिक निमंत्रण में कहा गया है कि मेक इन इंडिया अभियान सरकार के प्रमुख मिशन में से एक है।
भारत और बाहर की कंपनियों का भारत में मैन्यूफैक्चरिंग के लिए संयंत्र स्थापित करने और विस्तार के लिए स्वागत है। भारत में अहम घरेलू और बहुराष्ट्रीय मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों के सीईओ समारोह में मौजूद रहेंगे।
टाटा ग्रुप के चेयरैन साइरस मिस्त्री, महिंद्रा ग्रुप के सीएमडी आनंद महिंद्रा, बॉयोकॉन सीएमडी किरन मजूमदार-शॉ और आईटीसी चेयरमैन वाईसी देवेश्वर सहित दूसरे हाई प्रोफाईल सीईओ के भी इस समारोह में शिरकत करने की उम्मीद है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए लांचिंग समारोह एक ही समय पर मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू सहित विभिन्न राज्यों की राजधानियों में भी शुरू किया जाएगा।