देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों ने महंगाई में जल्द से जल्द कमी लाने और अति धनाढ्य लोगों पर अधिक कर लगाने की बात वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से की है। सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि महंगाई दर को चार से पांच फीसदी की दर पर लाना बेहद जरूरी है।
इसके अलावा, सरकार को कर कानून में अनिश्चितता को जल्द से जल्द को दूर करना चाहिए। ताकि निवेश में बढ़ोतरी हो सके। निवेश के अनुकूल कर प्रणाली होने और केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं को बेहतर करने से विकास दर में तेजी लाई जा सकती है।
सरकार को स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में भी निवेश बढ़ाने की जरूरत है। इसके अलावा यह भी मांग की गई है कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार को बेसल-3 सुधारों को फिलहाल अस्थायी रूप से टाल देना चाहिए। साथ ही छोटी बचत योजनाओं में निवेश को बढ़ाने के लिए भी सरकार को खास तौर से कदम उठाना चाहिए।