विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच निवेशकों के बाजार से दूरी बनाने के कारण घरेलू बाजार सीमित दायरे में कारोबार करते हुए दबाव में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 9.68 अंक नीचे 18,329.32 पर और एनएसई का निफ्टी 5,571.55 अंक के स्तर पर सपाट बंद हुआ। रीयल्टी, तेल-गैस, धातु, सीजी और टेक वर्ग के शेयरों में बिकवाली का जोर बना रहा।
हालांकि ऑटो, सीडी और एचसी में लिवाली देखी गई। बीएसई का मिडकैप 0.36 अंक नीचे 6,548.63 पर और स्मॉलकैप 62.08 अंक नीचे 6,988.46 पर रहा। लगभग स्थिर खुला सेंसेक्स बीच कारोबार में 18,467.91 अंक के उच्चतम और 18,255.69 अंक के निचले दायरे में रहा।
निफ्टी मजबूती पर खुला और 5, 613.70 अंक के ऊपरी और 5,548.35 अंक के निचले दायरे में कारोबार करता रहा। अमेरिका में बजटीय घाटे को दूर करने के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की उम्मीद पर एशियाई बाजारों में तेजी रही। हालांकि रेटिंग एजेंसी मूडीज द्वारा फ्रांस की ऋण साख एक पायदान नीचे किए जाने की खबरों से यूरोपीय बाजार गिरावट में चले गए। अमेरिकी बाजार तेजी पर खुले।
घरेलू बाजार फिलहाल विदेशी घटनाक्रमों को नजरअंदाज कर रहे हैं उनकी नजर संसद के आगामी सत्र में पेश किए जाने वाले आर्थिक सुधारों से जुडे़ विधेयकों पर है। विपक्ष के कडे़ विरोध को देखते हुए आशंका है कि इन्हें पारित कराने में सरकार को काफी मुश्किल आ सकती है। निवेशक ऐसी हालत में बाजार में सतर्कता बरत रहे हैं। बीएसई मे कुल 2,976 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,051 लाभ में और 1,802 नुकसान में रहीं बाकी 123 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में महिंद्रा ने सबसे ज्यादा 3.25 प्रतिशत का लाभ कमाया। इसके साथ ही एचडीएफसी, टाटा पावर, विप्रो, टीसीएस, कोल इंडिया, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक, गेल इंडिया, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी, सन फार्मा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 0.11 प्रतिशत से लेकर 2.02 प्रतिशत तक के मुनाफे में रहे। हिंडाल्को ने सबसे ज्यादा 1.86 प्रतिशत का घाटा उठाया।
इसके साथ ही इनफोसिस, एबसीआई, बजाज ऑटो, आरआईएल, स्टरलाइट हीरो मोटोकॉर्प, ओएनजीसी, जिंदल स्टील, टाटा स्टील, सिप्ला, आईटीसी, एलएंडटी, भेल, रेड्डीज लैब, भारती एयरटेल के शेयरों में 0.15 से लेकर 1.46 प्रतिशत की गिरावट रही।