प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में मैन्यूफेक्चरिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने की बात ने घरेलू शेयर बाजार को काफी उत्साहित किया है। इससे निवेश धारणा मजबूत होने के चलते बाजार में तगड़ी लिवाली देखने को मिली।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 287.73 अंक की छलांग लगाकर लगातार पांचवें सत्र में बढ़त के साथ 26,390.96 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 82.55 अंक की तेजी के साथ 7,800 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 7,874.25 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों के लिए यह अब तक का सबसे ऊंचा क्लोजिंग स्तर है।
बीएसई में कुल 3,031 कंपनियों के शेयर में कारोबार हुआ। इनमें से 1,930 फायदे में और 1,003 नुकसान में रहे, जबकि 98 में कोई बदलाव नहीं हुआ। तेल-गैस, बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर डूरेबल्स, पावर, मेटल और ऑटो सेक्टर बढ़त में रहे।
सेंसेक्स में मुनाफा कमाने वाली प्रमुख कंपनियों में ओएनजीसी, सिप्ला, एक्सिस बैंक, भेल, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, एलएंडटी, हिंडाल्को, कोल इंडिया,हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति, टाटा पावर, सेसा स्टरलाइट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, गेल इंडिया, रेड्डीज लैब, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, महिंद्रा, एनटीपीसी और सन फार्मा शामिल रहीं। घाटा उठाने वाले शेयरों में आईटीसी, इनफोसिस, एचडीएफसी, टीसीएस और हीरो मोटोकॉर्प शामिल रहे।