अगले शुक्रवार यानी 7 अगस्त को मिशन इंपॉसिबल-5 फिल्म रिलीज होने वाली है। भले ही ये फिल्म हॉलीवुड की हो, लेकिन इस फिल्म के लिए भारत के कुछ युवाओं ने ऐसा काम किया है, जिसके बिना फिल्म देखने का कोई मजा ही नहीं आता।
भारत के धीरेन्द्र छटपार, सौरभ नानडेडकर, अभिषेक सिंह, इंद्रानिल भट्टाचार्या और कुछ अन्य युवाओं की एक टीम ने इस फिल्म के लिए ग्राफिक इफेक्ट तैयार किए हैं। बिना ग्राफिक इफेक्ट के आज के समय में फिल्म देखना किसी को भी अच्छा नहीं लगता।
छटपार इस फिल्म के विजुअल इफेक्ट एडिटर हैं, जो भारत और अमेरिका की कई फिल्मों के लिए काम कर रहे हैं। छटपार ने अपना करियर 2012 में तरसेम सिंह ककी फिल्म मिरर मिरर के साथ शुरू किया था।
ये है बजरंगी भाईजान के साथ कनेक्शन
हाल ही की कई सुपरहिट फिल्मों में छटपार ने विजुअल इफेक्ट देने का काम किया है। इन फिल्मों में बजरंगी भाईजान, हमारी अधूरी कहानी और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स हैं।
छटपार की सबसे अच्छी हॉलीवुड फिल्मों में ऐज ऑफ टुमॉरो, गार्जिएन्स ऑफ द गैलेक्सी, व्हाइट हाउस डाउन और सिन सिटी: ए डेम टू किल फॉर हैं, जिनमें इसके विजुअल इफेक्ट्स ने धूम मचाई है।
सौरभ नानडेडकर और अभिषेक सिंह ने मिशन इंपॉसिबल से पहले सिन सिटी: ए डेम टू किल फॉर और बहुचर्चित फिल्म बर्फी के लिए भी अपनी सेवाएं दी हैं। सौरभ नानडेडकर ने एबीसीडी, नॉन स्टॉप और भाग मिल्खा भाग जैसी फिल्मों के लिए भी सराहनीय काम किया है।
ये लोग भी हैं टीम में
इंद्रानिल भट्टाचार्या मिशन इंपॉसिबल फिल्म के थ्री डी मॉडेलर हैं, जिन्होंने काई पो चे, दबंग 2 और हाउसफुल 2 जैसी फिल्मों में अपनी सेवाएं दी हैं।
विजुअल इफेक्ट की इस टीम में जयेश माकवाना, भाविक पटेल, श्रद्धा उप्पु, मृत्युंजय सिंह और विक्रम मोहन भी हैं। क्रिस्टोफर मैककैरी के निर्देशन में बनी "मिशन इंपॉसिबल-रोग नेशन" फिल्म में टॉम क्रूज, जेरेमी रेनर, सिमॉन पेग, रेबेका फर्गुसन, विंग , सीन हैरिस और एलेक बैल्डविन हैं।