कंपनी भारत में डाटा सेंटर की शुरूआत साल 2015 के अंत तक करने की तैयारी में है। कंपनी डाटा सेंटर के लिए भारत की कंपनियों को क्लाउड कंप्यूटिंग के जरिए सेवाएं देगी।
मंगलवार को इसकी घोषणा भारत आए माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने की है। इसका मतलब है कि माइक्रोसॉप्ट की अज्योर और ऑफिस 365 सेवाएं लोकल डाटा सेंटर से मिलेंगी।
कंपनी डाटा सेंटर के जरिए भारत में तेजी से बढ़ रहे करीब 2 खरब डॉलर के क्लाउड सेवाओं के कारोबार को भुनाना चाहती है।
कंपनी के फैसले की घोषणा करते हुए माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने कहा कि पिछले साल भारत में कंपनी का क्लाउड सेवाओं का कारोबार 100 फीसदी की दर से बढ़ा है। इस सफलता को देखते हुए अब हमने भारत में डाटा सेंटर लगाने का फैसला किया है।
उन्हें कहा कि भारत में 25 करोड़ लोग इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट के लिए क्लाउड सेवाओं देने की अपार संभावनाएं हैं।
कंपनी इसके जरिए भारत में तीन शहरों में डाटा सेंटर स्थापित करेगी। हालांकि कंपनी ने इसके लिए किए जाने वाले निवेश का खुलासा नहीं किया है। इस मौके पर माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के चेयरमैन भास्कर प्रमाणिक ने कहा कि लोकल डाटा सेंटर के जरिए क्लाउड सेवाएं देने से हम डिजीटल इंडिया के सपने को हकीकत में बदलने में सहयोग कर सकेंगे। इसके जरिए ई-गवर्नेंस, एजुकेशन, हेल्थकेयर, वित्तीय समावेशन में नई संभावनाएं उत्पन्न होंगी।
अमेजॉन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के सिंगापुर में डाटा सेंटरदुनिया की प्रमुख कंपनियों गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजॉन के एशिया में केवल सिंगापुर में डाटा सेंटर है। ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट की भारत में डाटा सेंटर लगाने की घोषणा, दूसरी कंपनियों के लिए अहम चुनौती पेश करेगा। माइक्रोसॉफ्ट के दुनिया भर में 13, गूगल के 12 और अमेजॉन के 8 डाटा सेंटर हैं।