कंप्यूटर और टेक्नॉलजी क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट जल्द ही भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक सत्या नडेला को कंपनी की कमान सौंपने की घोषणा कर सकती है।
कंपनी के मौजूदा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीव बाल्मर की जगह सीईओ पद पर नियुक्ति के लिए करीब पांच माह से उम्मीदवार की तलाश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसके लिए सत्या नडेला का नाम तकरीबन तय हो गया है।
मूलत: भारत के हैदराबाद के रहने वाले 46 वर्षीय नडेला फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट में एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। वॉल स्ट्रीट जरनल की एक रिपोर्ट सीईओ पद के लिए उनके नाम पर लगभग पूर्ण सहमति बनने की बात कही गई है। अखबार ने यह जानकारी मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से दी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ पद के लिए कंपनी के भीतर योग्य उम्मीदवार की तलाश का काम खत्म हो चुका है और नडेला के पक्ष में सहमति के चलते उनकी ताजपोशी तकरीबन तय है।
कंपनी की कमान सौंपे जाने पर बिल गेट्स और स्टीव बाल्मर के बाद नडेला माइक्रोसॉफ्ट के 38 वर्ष के इतिहास में उसके तीसरे सीईओ होंगे। उन्होंने 1992 में माइक्रोसॉफ्ट को ज्वाइन किया था। इससे पहले वह सन माइक्रोसिस्टम्स में टक्नॉलजी स्टॉफ के रूप में काम कर रहे थे।
नडेला ने मंगलौर विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उनके पास विस्कोसिन मिल्वूकी विश्वविद्यालय की कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स डिग्री भी है। नडेला ने शिकागो विश्वविद्यालय से एमबीए किया है।
नडेला के सामने सबसे बड़ी चुनौती ग्लोबल स्तर पर बदले हुए कारोबारी माहौल में माइक्रोसॉफ्ट को एक बार फिर से उसका पुराना रुतबा दिलाने की होगी। इसके अलावा कंपनी के नए बिजनेसा मॉडल को आगे बढ़ाते हुए दुनिया भर में उसके संचालन को बेहतर ढंग से चलाने पर भी उन्हें खासी मेहनत करनी होगी।